उदित वाणी जमशेदपुर: शहर की प्रतिष्ठित टिनप्लेट कंपनी के मुख्य द्वार पर संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.यह प्रदर्शन नर्सरी विभाग से हटाए गए मजदूरों को वापस काम पर रखने और उनके बकाया भुगतान की मांग को लेकर किया गया.प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
अगस्त 2019 से कार्यरत मजदूरों की अचानक सेवा समाप्त
मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि नर्सरी विभाग के सभी श्रमिक मेसर्स ए.बी. कंस्ट्रक्शन के तहत अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2025 तक निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे थे.लेकिन 31 अक्टूबर 2025 को प्रबंधन और ठेकेदार द्वारा अचानक उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं.श्रमिकों का आरोप है कि नियमानुसार सेवा समाप्ति पर मिलने वाला फाइनल सेटलमेंट (अंतिम पावना) उन्हें अब तक नहीं दिया गया है।
नए ठेके में 16 मजदूरों की अनदेखी, रोजी-रोटी का संकट
मजदूरों के अनुसार, बीच में छह महीने के लिए एक अन्य ठेकेदार को नर्सरी का कार्य मिला था, जिसके तहत उन्होंने काम किया.अब वर्तमान में पुनः ए.बी. कंस्ट्रक्शन को ठेका मिला है.आरोप है कि दोबारा ठेका मिलने के बावजूद कंपनी के पुराने 16 मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया जा रहा है.वर्षों से कंपनी की सेवा कर रहे इन मजदूरों के सामने अब आर्थिक संकट और परिवार के भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
15 दिनों का अल्टीमेटम: मांगें पूरी न होने पर होगा उग्र आंदोलन
ट्रेड यूनियन नेता अंबुज ठाकुर ने प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी है.उन्होंने कहा, “फिलहाल हमने शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपा है.यदि 15 दिनों के भीतर हटाए गए 16 मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया गया और उनके बकाया भुगतान का निपटारा नहीं हुआ, तो संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी और आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।”


