उदित वाणी ,जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्टेशन पर लगी लगेज स्कैनर मशीन पिछले 5-6 दिनों से खराब पड़ी है, जिसके कारण यात्री बिना किसी जांच के ही अपने सामान के साथ स्टेशन परिसर में प्रवेश कर रहे हैं। इससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।
बार-बार खराब हो रही मशीन
सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब स्कैनर मशीन ने जवाब दिया हो। इससे पहले दिसंबर महीने में भी यह मशीन कई सप्ताह तक खराब रही थी। उस समय 10 दिसंबर को ‘उदितवाणी’ द्वारा सुरक्षा में चूक को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद 25 दिसंबर को मशीन की मरम्मत कराई गई थी। हालांकि, अब एक बार फिर मशीन के ठप होने से वही स्थिति बन गई है।
मेटल डिटेक्टर भी नदारद
जानकारों का कहना है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्कैनर मशीन की खराबी की सूचना अपने मुख्यालय को दे दी है, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है। स्थिति और गंभीर इसलिए हो गई है क्योंकि स्टेशन पर लगे गेट फ्रेम मेटल डिटेक्टर भी कई महीनों पहले हटा दिए गए थे।
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
ऐसे में दोनों प्रमुख सुरक्षा उपकरणों के निष्क्रिय होने से स्टेशन पर यात्रियों और उनके सामान की जांच पूरी तरह प्रभावित हो रही है। लगातार बढ़ती इस लापरवाही ने यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।


