
उदित वाणी, बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मायके जाने की जिद एक महिला के लिए काल बन गई. पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के चाकुलिया पंचायत अंतर्गत रामडीह टोला में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी पति ने कुल्हाड़ी से वार कर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया.
नींद में सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया वार
मृतका की पहचान सानू देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, आरोपी विकास रजवार और उसकी पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. शनिवार की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी. रात में दंपति अपने 13 महीने के बच्चे के साथ सोए हुए थे, लेकिन सुबह होते ही पति ने सोती हुई पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली.
खुद पिता को दी हत्या की जानकारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हत्या करने के बाद आरोपी विकास रजवार ने खुद अपने पिता शक्तिपद रजवार को इस वारदात की जानकारी दी. पिता के माध्यम से सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
10 दिन पहले ही घर लौटा था आरोपी
बताया जा रहा है कि विकास रजवार तमिलनाडु में मजदूरी करता था और महज 10 दिन पहले ही अपने गांव लौटा था. घर वापस आने के थोड़े ही दिनों बाद उसने इस खौफनाक कदम को उठाकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

