
उदित वाणी जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत जॉगर्स पार्क इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। 21 वर्षीय युवक प्रदीप राम ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सुबह घर में किसी मामूली बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया था, जिससे वह गहराई से आहत हो गया।
डांट से नाराज प्रदीप अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला और कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को चिंता होने लगी। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ दिया।
कमरे के अंदर का दृश्य देख परिजन सन्न रह गए। प्रदीप फंदे से लटका हुआ था। तुरंत उसे नीचे उतारकर टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वे खुद को इस हादसे के लिए जिम्मेदार मान रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटी-छोटी बातों पर उठाए गए भावनात्मक कदम कितने घातक हो सकते हैं।

