
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने लापरवाही की हद पार कर दी। अनियंत्रित वाहन सीधे एक घर की चहारदीवारी तोड़ते हुए अंदर घुस गया और वहां खड़े तीन वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 11 बजे पिंकी सिंह के घर के पास हुआ। अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले तो देखा कि भारी वाहन घर के अंदर घुस चुका है और नुकसान कर चुका है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने बताया कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
मामले का समाधान नहीं होने पर वाहन चालक और मालिक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

