
उदित वाणी,जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में रामनवमी का उत्सव अपने चरम पर पहुंच गया है। 27 मार्च की शाम तक शहर पूरी तरह भक्ति और उत्साह में डूबा नजर आ रहा है, जबकि 28 मार्च को पारंपरिक रामनवमी जुलूस के साथ यह पर्व अपने शिखर पर पहुंचेगा।

शहर के 300 से अधिक अखाड़ों में इन दिनों धार्मिक और पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया जा रहा है। जहां देश के अधिकांश हिस्सों में रामनवमी का उत्सव आज समाप्त हो जाता है, वहीं जमशेदपुर में दशमी के दिन पारंपरिक झंडा विसर्जन के साथ उत्सव का समापन होता है।
भारतीय बजरंग अखाड़ा में शेखर डे का सम्मान
श्री श्री भारतीय बजरंग अखाड़ा, श्री शिव हनुमान मंदिर (एम-क्लब) में श्रीलेदर्स के निदेशक सह समाजसेवी शेखर डे पहुंचे। इस अवसर पर अखाड़ा के लाइसेंसी संतोष शर्मा ने उन्हें पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर भव्य रूप से सम्मानित किया। मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष शुभाष त्रिपाठी, कोऑर्डिनेटर संतोष मिश्रा, अमित मंडल, सोमू दास, विशू दास, विक्की यादव, जितेंद्र, संतोष झा, सुमित, पप्पू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा की भव्य शोभा यात्रा
श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा द्वारा 27 मार्च (शुक्रवार) की शाम 6 बजे साकची झंडा चौक से भव्य शोभा यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा साकची बाजार झंडा चौक से प्रारंभ होकर साकची मुख्य गोलचक्कर, बसंत टॉकीज होते हुए पुनः साकची बाजार में समाप्त होगी।
इस शोभायात्रा में हिसार (हरियाणा) से आई रुद्राक्ष डिवोशनल आर्ट की आकर्षक झांकियां, भव्य आतिशबाजी, राम दरबार की प्रस्तुति, हैरतअंग्रेज खेलों का प्रदर्शन, 71 डंका टीम, आकर्षक विद्युत सज्जा और मेकैनिकल प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। वहीं 28 मार्च को अखाड़ा की ओर से विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
जम्बू अखाड़ा में धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन
भालूबासा स्थित श्री श्री बजरंग विजय मंदिर (जम्बू अखाड़ा) में चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी महोत्सव-2026 के तहत 27 मार्च तक विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। यहां हनुमान पूजन, ध्वजा-शस्त्र पूजन और पारंपरिक अखाड़ा करतबों का प्रदर्शन जारी है।
इसके साथ ही प्रसिद्ध कलाकार मानवी सिंह, दीपक राठौर और श्रद्धा दास की भजन संध्या श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
श्री श्री माँ दुर्गे अखंड अखाड़ा समिति भी सक्रिय
रामनवमी के अवसर पर श्री श्री माँ दुर्गे अखंड अखाड़ा समिति द्वारा भी भव्य तैयारी की गई है। समिति की ओर से धार्मिक अनुष्ठान, अखाड़ा प्रदर्शन और शोभायात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
28 मार्च को निकलेगा मुख्य जुलूस
रामनवमी का मुख्य आकर्षण 28 मार्च को निकलने वाला पारंपरिक जुलूस होगा, जिसमें शहर के विभिन्न अखाड़े अपने-अपने करतब, झांकियां और ध्वज के साथ शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि यह पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।
जमशेदपुर में रामनवमी का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और एकता का भी जीवंत उदाहरण है।

