
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत की प्रमुख एकीकृत विद्युत कंपनियों में से एक टाटा पावर को इंडियन कॉर्पोरेट गवर्नेंस स्कोरकार्ड असेसमेंट 2025 में नेक्स्ट लीडर्स केटेगरी में शामिल किया गया है. यह मूल्यांकन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर एडवाइजरी सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा किया गया है. यह मान्यता एसएंडपी बीएसई 100 कंपनियों के वार्षिक मूल्यांकन का नतीजा है.
स्कोरकार्ड फ्रेमवर्क को इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर एडवाइजरी सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ने संयुक्त रूप से विकसित किया है. यह कॉर्पोरेट गवर्नेंस सिद्धांतों पर आधारित है और चार समान रूप से महत्वपूर्ण स्तंभों पर कंपनियों का मूल्यांकन करता है, जिसमें शेयरधारकों के अधिकार और समान व्यवहार, स्थिरता और लचीलापन, खुलासा और पारदर्शिता और बोर्ड की जिम्मेदारियां शामिल हैं.
यह इंडियन कॉर्पोरेट गवर्नेंस स्कोरकार्ड की 10वीं संस्करण थी, जो कॉर्पोरेट भारत में गवर्नेंस प्रथाओं के विकास को एक दशक से ट्रैक कर रही है. 2025 के मूल्यांकन से पता चलता है कि भारतीय कंपनियों में गवर्नेंस का स्तर और परिपक्व हो रहा है. अब फोकस सिर्फ औपचारिक अनुपालन पर नहीं, बल्कि निगरानी की गुणवत्ता, लचीलापन, पारदर्शिता और दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर शिफ्ट हो गया है.

