
उदित वाणी जमशेदपुर : डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। गुरुवार को अस्पताल परिसर में तैनात होमगार्डों पर मरीज और उसके ड्राइवर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस घटना में ड्राइवर सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गहरी चोट आई और उसे पांच टांके लगाने पड़े। वहीं मरीज राहुल कुमार के साथ भी दुर्व्यवहार और हाथापाई की गई।
पीड़ित राहुल कुमार के अनुसार, वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उनके ड्राइवर सुजीत कुमार ने गाड़ी खड़ी कर थोड़ी देर आराम करने के लिए अंदर फर्श पर लेट गए। आरोप है कि एक होमगार्ड ने उन्हें पैर मारकर जबरन उठाया। सुजीत ने थकान का हवाला देते हुए कुछ देर आराम करने की बात कही, लेकिन होमगार्ड नहीं माने और गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दो होमगार्डों ने सुजीत पर हमला कर दिया। उसे दीवार से पटक दिया गया, जिससे उसके सिर के पीछे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। राहुल कुमार ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना के दौरान एक बुजुर्ग होमगार्ड ने स्थिति संभालने की कोशिश की, जबकि अन्य दो लगातार मारपीट करते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह घायल को बचाया।
गौरतलब है कि हाल ही में टीएमएच में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां सुरक्षा गार्डों ने एक युवक की पिटाई कर दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल इस मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

