
* समय पर ग्रेड होने पर पहली बार कर्मचारियों को अप्रैल माह के वेतन के साथ मिलेगी 25 हजार रूपए की एकमुश्त राशि
* टेम्पोरेरी बचे कर्मियों के वेतन 4 से लेकर 5 हजार रूपए की बढ़ोतरी
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब ग्रेड रिवीजन समझौते पर अंतिम मुहर लग गई. इस समझौते के तहत कंपनी के 7,321 स्थायी कर्मचारियों के मासिक वेतन में 19,750 की बढ़ोतरी होगी. साथ ही, लंबे समय से विवादों में घिरे जेओ ग्रेड को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. अब जेओ ग्रेड और पुराने ई ग्रेड को मिलाकर नया टी ग्रेड बनाया गया है, जिससे वेतन विसंगति दूर होगी और ग्रेड सिस्टम में एकरूपता आएगी.
यह समझौता टाटा मोटर्स प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच बेहतर तालमेल का नतीजा है. पहली बार कंपनी ने समय पर ग्रेड समझौता पूरा करने के लिए कर्मचारियों को एकमुश्त 25,000 की राशि देने की घोषणा की है, जो अप्रैल 2026 के वेतन के साथ मिलेगी. इसके अलावा, बचे हुए 450 टेम्पररी कर्मचारियों के वेतन में भी एकमुश्त 4,000 से 5,000 तक की बढ़ोतरी हुई है. समझौते पर हस्ताक्षर टाटा मोटर्स प्लांट हेड, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और डीएलसी अरविंद कुमार ने किए.
यूनियन नेताओं ने इसे कर्मचारियों की लंबित मांगों पर बड़ी जीत बताया है, जो न केवल वेतन में इजाफा लाएगी बल्कि भविष्य में ग्रेड, प्रमोशन और अन्य लाभों में भी स्थिरता और न्याय सुनिश्चित करेगी. यह समझौता जमशेदपुर के औद्योगिक परिदृश्य में सकारात्मक संदेश दे रहा है, जहां कर्मचारी उत्साह और उत्पादकता के साथ आगे बढ़ रहे हैं. यह कदम टाटा मोटर्स और यूनियन के बीच बेहतर तालमेल का प्रतीक है, जिससे हजारों कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित मांगों में राहत मिली है.
कंपनी और यूनियन ने मिलकर न केवल वर्तमान विवाद सुलझाए हैं, बल्कि भविष्य के लिए भी मजबूत आधार तैयार किया है. कर्मचारियों में इस समझौते को लेकर खुशी की लहर है, और यह जमशेदपुर के औद्योगिक क्षेत्र के लिए सकारात्मक संदेश है.
चार साल का ग्रेड
टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए हुए इस 4 साल के ग्रेड समझौते में कुल वेतन बढ़ोतरी 19,750 रूपए की है. यह राशि चार साल में चार किस्तों में मिलेगी, जिसमें पहले साल 55 प्रतिशत और बाकी तीन सालों में 15-15 प्रतिशत (यानी कुल 45 प्रतिशत) बंटवारा होगा.
कैसे और कितना मिलेगा
कुल वृद्धि- 19,750
पहला साल: 55 प्रतिशत = 19,750 × 0.55 =10,862.50 (लगभग10,863 रूपए)
बाकी राशि (45 प्रतिशत) = 19,750 – 10,862.50 = 8,887.50
दूसरा, तीसरा और चौथा साल (प्रत्येक में 15): 8,887.50 ÷ 3 =2,962.50 प्रति साल
साल-दर-साल मिलने वाली राशि
साल प्रतिशत राशि टिप्पणी पहला साल 55 10,862.50 सबसे ज्यादा एकमुश्त वृद्धि
दूसरा साल 15 2,962.50
तीसरा साल 15 2,962.50
चौथा साल 15 2,962.50
समझौते की मुख्य वजहें
वेतन विसंगति का अंत- दो अलग-अलग ग्रेड सिस्टम (जेओ और ई) होने से कर्मचारियों के बीच वेतन में असमानता थी, जिसके कारण प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन दोनों ही विरोधियों के निशाने पर थे.
कोर्ट केस और राजनीतिक विवाद: कई कर्मचारियों ने जेओ ग्रेड को कोर्ट में चुनौती दी थी. कुछ निष्कासित नेता इस मुद्दे पर राजनीति भी कर रहे थे.
नए लेबर कोड का अनुपालन: चार नए लेबर कोड लागू होने के मद्देनजर प्रबंधन ने ग्रेड सिस्टम में एकरूपता लाकर भविष्य की परेशानियों से बचाव किया है.
पुराने और नए ग्रेड सिस्टम की तुलना
पुराना सिस्टम: ई ग्रेड: ई1 से ई11 तक.
जेओ ग्रेड: अलग से मौजूद, लेकिन विवादित.
नया सिस्टम: टी ग्रेड: टी वन से टी15 तक. टी1, टी2 और टी3 में फिलहाल कोई कर्मचारी नहीं है.- जो कर्मचारी जेओ ग्रेड** (या जे वन) में थे, वे सीधे टी4 में प्लेस हो जाएंगे.
समझौते के अन्य प्रमुख
कुल वेतन वृद्धि:19,750 प्रति माह (7321 कर्मचारियों को लाभ).
यह वृद्धि 4 साल के लिए है, जिसमें बेसिक + डीए में लगभग 90 फीसदी इजाफा.
किस्तों में मिलेगी राशि: पहले साल 55 प्रतिशत, बाकी तीन सालों में 15-15 प्रतिशत.
नई प्रोमोशन पॉलिसी
टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों के लिए ग्रेड रिवीजन समझौते के साथ ही एक नई प्रोमोशन पॉलिसी और कई अन्य लाभकारी बदलाव लागू हो गए हैं. यह समझौता 19 मार्च 2026 को अंतिम रूप से हुआ, जिसमें कंपनी और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच लंबे समय से चली आ रही मांगों पर सहमति बनी. इससे हजारों कर्मचारियों को स्थायित्व, बेहतर करियर ग्रोथ और स्वास्थ्य-सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में राहत मिलेगी.
नई प्रोमोशन पॉलिसी की मुख्य बातें
फुल टाइम अप्रेंटिस (FTA) के माध्यम से कंपनी में शामिल होने वाले युवाओं को अब प्रगति स्कीम के तहत 3 साल का डिप्लोमा कोर्स कराया जाएगा. कोर्स पूरा होने के बाद वे सीधे स्थायी कर्मचारी बन जाएंगे. पुरानी व्यवस्था में चल रहे टेम्पररी पूल और टीएमएसटी (टाटा मोटर्स स्किल ट्रेनिंग) सिस्टम को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. इस स्कीम से आने वाले युवाओं को दो ग्रेड का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी शुरुआती प्रगति तेज होगी.
अन्य प्रमुख लाभ और संशोधन
टाइम बाउंड इंक्रीमेंट: पहले 10 साल पर मिलने वाला समयबद्ध इंक्रीमेंट अब 8 साल पर मिलेगा, जिससे कर्मचारियों की वेतन वृद्धि जल्दी होगी.
मेडिकल सुविधाएं: मेडिकल रेफरल केस की सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 6 लाख कर दी गई. मेडिकल सपोर्ट स्कीम में चिकित्सकीय लाभ 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रूपए किया गया है.
रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को 5 लाख तक का मेडिकल इंश्योरेंस (पहले 1.5 लाख था), लेकिन इसके लिए टॉप-अप प्रीमियम देना होगा.
मृत्यु पर सहायता:
अंतिम संस्कार के लिए 5,000 की जगह अब 10,000 रूपए.
परिजनों को 50,000 की आर्थिक मदद.
लोन सुविधाएं- बिल्डिंग लोन की सीमा 4 लाख से बढ़ाकर 5 लाख होगी.
व्हीकल लोन 1.5 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रूपए.
अन्य सुविधाएं: छुट्टी के दिन काम पर बुलाने पर पेट्रोल अलाउंस 250 से बढ़ाकर 500 रूपए.
सर्विस अवार्ड पहले 15 साल में मिलता था, अब10 साल में मिलेगा.
कैंटीन में चाय अब पाउडर दूध की जगह पैकेट दूध से बनेगी, जिससे गुणवत्ता में सुधार होगा.
ऐतिहासिक समझौता-आरके सिंह
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा, “यह समझौता कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक है. अब वेतन बढ़ोतरी में कोई विसंगति नहीं रहेगी. ग्रेड में एकरूपता आने से सभी कर्मचारियों को समान अवसर और न्याय मिलेगा. इससे उत्पादकता और मनोबल दोनों बढ़ेंगे.”
रोटी, कपड़ा मिल गया, अब मकान भी मिलेगा-प्रवीण सिंह
यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि 2017 के बाद इस यूनियन ने ऐतिहासिक काम किया है. सोशल सिक्योरिटी के बाद कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी कर यूनियन ने बेहतरीन काम किया है. ग्रेड में एकरूपता आने के बाद कर्मचारियों के बीच एकता बढ़ेगी और यूनियन मजबूत होगी. जल्द ही अपना घर योजना पर भी काम शुरू होगा.
ग्रेड के बाद यूनियन नेताओं का स्वागत
ग्रेड के बाद यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री के साथ सलाहकार प्रवीण सिंह का स्वागत जोरदार तरीके से हुआ. टाटा मोटर्स के मेन गेट से लेकर यूनियन ऑफिस तक ढ़ोल नगाड़े के साथ समर्थक इन्हें फूलमाला से लाद दिए. लेबर ब्यूरो चौक पर कर्मचारियों ने जमकर आतिशबाजी भी की. इसके बाद यूनियन महामंत्री ने ग्रेड की मुख्य बातों को कर्मचारियों को बताया.

