
उदित वाणी, रांची: आज झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में उद्यान निदेशालय, झारखंड और भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), बेंगलुरू के मध्य समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर संपन्न हुआ. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस MoU से राज्य में उद्यानिकी क्षेत्र का विकास और विस्तार होगा. इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी.
बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और सेवाओं का लाभ
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तहत आने वाले IIHR, बेंगलुरू के साथ MoU होने से झारखंड में फल, सब्जी, सजावटी, औषधीय और मशरूम फसलों की उत्पादकता, गुणवत्ता और मूल्य को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग, अनुसंधान, प्रशिक्षण और सेवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी.
समझौता ज्ञापन के अवसर पर प्रमुख अधिकारी उपस्थित
इस MoU हस्ताक्षर अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव श्री अबू बकर सिद्दीकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

