
उदित वाणी, चांडिल : गुरुग्राम में बीते दिन हुए दर्दनाक हादसे में झारखण्ड के जमशेदपुर व ईचागढ़ के छह तथा राजस्थान के भरतपुर के एक श्रमिक की मौत के बाद पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और जमशेदपुर सांसद विद्युत वरन महतो की पहल पर गुरुग्राम में मृतकों के परिजनों को 20 – 20 लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा गया. साथ ही तत्काल सहायता के रूप में 20-20 हजार रुपये नगद भी प्रदान किए गए.
जिस कंपनी में श्रमिक कार्यरत थे, उसके अधिकारियों ने आश्रित परिवारों को रोजगार देने के लिए ऑफर लेटर भी सौंपा. वहीं सभी मृतकों के पार्थिव शरीर एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव जमशेदपुर और ईचागढ़ भेज दिए गए. बताया गया कि रक्षा राज्य मंत्री ने घटना के तुरंत बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी से बातचीत कर पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता देने का आग्रह किया था. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच बैठक हुई, जिसके बाद मुआवजा और अन्य सहायता पर सहमति बनी.
संजय सेठ ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से भी विभिन्न प्रक्रियाओं के तहत प्रत्येक परिवार को लगभग 19 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने झारखण्ड के संबंधित जिलों के प्रशासन को भी कागजी प्रक्रिया में सहयोग का निर्देश दिया है, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द पूरी सहायता मिल सके. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में बड़ी मदद मिली है.

