
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में घर से सोना और चांदी के गहने चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से करीब 2.60 लाख रुपये मूल्य के गहने भी बरामद किए गए हैं.
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को पुष्पी देवी ने गोविंदपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि एक महिला उनकी बहन की सास होने का परिचय देकर उनके घर आई थी. बातचीत के दौरान उसने विश्वास जीत लिया और मौका मिलते ही घर से सोना और चांदी के गहने लेकर फरार हो गई. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिला पूजा कुमारी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर चोरी के गहने अजित कुमार के पास से बरामद किए गए.
बरामद हुए 2.60 लाख के गहने
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि बरामद गहनों में लगभग 12.5 ग्राम का सोने का एक इयररिंग, सोने का नाक का बेसर, चांदी की दो पायल और एक चांदी की चेन शामिल है. इन सभी गहनों की अनुमानित कीमत करीब 2.60 लाख रुपये आंकी गई है.
महिला के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
गिरफ्तार आरोपियों में पूजा कुमारी (31 वर्ष), पति विनोद पांडेय, निवासी मानगो टाउनशिप गोकुलनगर, साकची थाना क्षेत्र और अजित कुमार (62 वर्ष), पिता रामाशंकर, निवासी काशीडीह, साकची थाना क्षेत्र शामिल हैं. पुलिस के अनुसार पूजा कुमारी एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
इस मामले की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.

