
उदित वाणी, रांची : असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई और भंवर जितेंद्र सिंह गुरुवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे. दोनों नेताओं की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात होने है.
असम चुनाव को लेकर समन्वय पर चर्चा की उम्मीद
असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. गौरव गोगोई को असम में कांग्रेस का संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार माना जाता है और वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी भी हैं. ऐसे में बैठक में असम की राजनीतिक स्थिति, चुनावी रणनीति और संभावित गठबंधन को लेकर चर्चा होने की संभावना है.
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा असम में करीब 10 सीटों की मांग कर सकता है. माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी बैठक में बातचीत हो सकती है.
हेमंत सोरेन हाल ही में लौटे हैं असम दौरे से
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हाल ही में दो दिवसीय असम दौरे से लौटे हैं. इस दौरान उन्होंने तेजपुर में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया था. उन्होंने कहा था कि यदि असम के आदिवासी एकजुट हो जाएं तो राज्य में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक बदलाव संभव है.

