
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक (एजीएम) सौमित्र मजूमदार बुधवार को निरीक्षण दौरे पर टाटानगर पहुंचे. इस दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया स्वयं स्टेशन पहुंचकर उनका स्वागत किया और विभिन्न विकास कार्यों का जायजा कराया.
एजीएम सौमित्र मजूमदार विशेष निरीक्षण कोच (स्पीक) से टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे. उनके आगमन के बाद डीआरएम तरुण हुरिया के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने उन्हें स्टेशन परिसर के बाहर प्रस्तावित नई पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण कराया. इस दौरान अधिकारियों ने पार्किंग क्षेत्र के निर्माण से जुड़ी योजनाओं, यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नया पार्किंग एरिया बनने से स्टेशन के बाहर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी.
इसके बाद एजीएम ने स्टेशन के समीप संकटा सिंह पेट्रोल पंप से प्रस्तावित नए संपर्क मार्ग का भी निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से स्टेशन तक पहुंचने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा. निरीक्षण के दौरान एजीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए.
दौरे के क्रम में एजीएम सौमित्र मजूमदार ने बागबेड़ा रेलवे कॉलोनी और रेलवे हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कॉलोनी की साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया.
करीब शाम पांच बजे निरीक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद एजीएम सौमित्र मजूमदार अपने विशेष निरीक्षण कोच से गार्डनरीच के लिए रवाना हो गए. रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह दौरा मंडल में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया था.

