
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर 13 मार्च को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा का दौरा प्रस्तावित है. यह दौरा उनके कार्यकाल के अंतिम दौरों में से एक माना जा रहा है, क्योंकि वे 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं. ऐसे में टाटानगर का यह दौरा खास महत्व रखता है.
सूत्रों के अनुसार जीएम अपने दौरे के दौरान टाटानगर स्टेशन और उससे जुड़े रेलवे परिसरों का निरीक्षण करेंगे. वे यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे. इसके साथ ही स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जीएम के दौरे को देखते हुए स्टेशन और संबंधित विभागों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. विभिन्न विभागों के अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं, ताकि निरीक्षण के दौरान सभी कार्य सुचारू रूप से प्रस्तुत किए जा सकें.
माना जा रहा है कि सेवानिवृत्ति से ठीक पहले टाटानगर का यह दौरा रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी खास रहेगा, क्योंकि इस दौरान जीएम विकास योजनाओं और भविष्य की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दे सकते हैं.

