
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रकाश नगर गरुड़बासा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक युवती ने युवक और उसके परिवार का विश्वास जीतकर लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर निवासी निखिल सिंह नामक युवक ने बताया कि उसकी मुलाकात पूजा पांडेय नाम की एक युवती से हुई थी, जो शहर में एक पीजी में रह रही थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवती ने निखिल से शादी का भरोसा दिलाया। इसी बीच निखिल के घर जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें पूजा भी शामिल होने पहुंची। कार्यक्रम के दौरान वह परिवार के सदस्यों से घुलमिल गई और धीरे-धीरे सबका विश्वास जीत लिया।
निखिल के अनुसार, विश्वास के कारण उसने अपनी अलमारी की चाबी भी पूजा को दे दी थी। 6 मार्च को जनेऊ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसकी बुआ घर लौटने वाली थीं और अलमारी में रखा उनका मंगलसूत्र निकालना था। जब निखिल ने पूजा से चाबी मांगी तो वह बार-बार टालमटोल करने लगी और किसी न किसी बहाने से चाबी देने से बचती रही। इसी दौरान पता चला कि अलमारी से जेवरात और कुछ नगदी गायब हैं।
घटना के बाद जांच-पड़ताल करने पर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि पूजा पांडेय पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि वह युवकों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और फिर मौका पाकर उनके घरों से जेवरात व कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है। बताया जा रहा है कि पड़ोस के एक घर में भी इसी तरह विश्वास जीतकर उसने अलमारी की चाबी हासिल की और वहां से भी गहने गायब कर दिए।
मामले की सूचना गोविंदपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

