
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई. निर्माण कार्य के दौरान दूसरी मंजिल से गिरने के कारण 35 वर्षीय रवि लोहार की जान चली गई. वह सरजमदा का ही रहने वाला था. घटना के बाद से मृतक के घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के अनुसार सरजमदा स्थित रेणु देवी के निर्माणाधीन मकान में छत की सेंट्रिंग का काम चल रहा था, जहां रवि लोहार समेत कई मजदूर कार्य में लगे हुए थे. साथी मजदूर रामचंद्र देवगम ने बताया कि दोपहर के समय काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर भोजन करने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे. इसी दौरान रवि का पैर अचानक फिसल गया. सीढ़ियों में सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और सीधे दूसरी मंजिल से नीचे जमीन पर गिर पड़ा.
घटना के बाद वहां मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल रवि को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर ठेकेदार मनोज लोहार भी अस्पताल पहुंच गए.
इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

