
उदित वाणी, जमशेदपुर: रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने पुरुलिया और दिल्ली के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से 14021/14022 पुरुलिया–आनंद विहार–पुरुलिया एक्सप्रेस के परिचालन की घोषणा की गई है। इस नई ट्रेन सेवा से झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार 14021 पुरुलिया–आनंद विहार एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को शाम 5:00 बजे पुरुलिया से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 11:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 14022 आनंद विहार–पुरुलिया एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को सुबह 5:00 बजे आनंद विहार से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:40 बजे पुरुलिया पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
अपने मार्ग में यह ट्रेन मुरी, रांची, लोहरदगा, तोरी, बरवाडीह, लातेहार, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, अयोध्या कैंट, लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
प्रारंभ तिथि की घोषणा बाद में
रेलवे के अनुसार ट्रेन के परिचालन की प्रारंभ तिथि और नियमित संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से इस रूट के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ ही लंबी दूरी की यात्रा में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

