
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब विद्युत बरन महतो ने रखा माइनस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी–योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव का औपचारिक शुभारंभ किया. सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया और इस नई सुविधा को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
स्टेशन परिसर में इस मौके पर उत्साह का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रेल यात्री और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए. जैसे ही उत्कल एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची, लोगों ने तालियों और स्वागत नारों के साथ ट्रेन का अभिनंदन किया. लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने से लोगों में खासा उत्साह देखा गया.
कार्यक्रम में खड़गपुर रेल मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीषा गोयल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, मंडल के अन्य अधिकारी, डीआरयूसीसी (डीआरयूसीसी) के सदस्य तथा क्षेत्र के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने इस पहल को यात्रियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया.
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि राखामाइंस और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग लंबे समय से उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग कर रहे थे. अब इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को पुरी, हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में काफी आसानी होगी.
रेलवे अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेल सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय आवश्यकताओं को देखते हुए भविष्य में भी यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.
उत्कल एक्सप्रेस के इस नए ठहराव से राखामाइंस, घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

