
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) का एक प्रतिनिधिमंडल घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन से मुलाकात की और धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के निर्माण को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. एयरपोर्ट के निर्माण से कनेक्टिविटी में सुधार होगा, नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी. विधायक सोमेश सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि परियोजना शुरू होने में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में भारी निवेश आएगा और व्यापार-उद्योग को नई गति मिलेगी.
एयरपोर्ट को लेकर 7 मार्च को प्रदर्शन
इससे पहले चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया और महासचिव पुनीत काउंटिया ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात की और उन्हें बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क के पास चैंबर द्वारा प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी. यह प्रदर्शन 7 मार्च (शनिवार) को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा, जिसमें धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान और निर्माण कार्य की जल्द शुरुआत की मांग की जाएगी. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि परियोजना से संबंधित अधिकांश बाधाएं अब दूर हो चुकी हैं और सभी हितधारकों की सहमति मिलते ही कार्य शीघ्र शुरू किया जा सकता है. प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत काउंटिया, उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, सचिव (टैक्स एंड फाइनेंस) अंशुल रिंगासिया, सचिव (इंडस्ट्री) विनोद शर्मा, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी तथा सचिव (पीआरडब्ल्यू) लिप्पू शर्मा शामिल थे.

