
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने झारखंड राज्य में आगामी नगर निकाय (सामान्य) चुनाव 2026 के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है. कंपनी के चीफ पीपल ऑफिसर द्वारा जारी आंतरिक संचार (दिनांक 19/02/2026) के अनुसार 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को चुनाव वाले नगर निकाय क्षेत्रों में स्थित कंपनी के डिवीजनों/विभागों के कर्मचारियों के लिए पेड हॉलिडे (भुगतान वाली छुट्टी) घोषित की गई है. यह फैसला झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा 13-02-2026 को जारी अधिसूचना के आधार पर लिया गया है.
किन्हें मिलेगा यह होलिडे
केवल उन नगर निकायों में जहां चुनाव हो रहा है, वहां स्थित कंपनी के विभागों के कर्मचारियों को यह छुट्टी मिलेगी. अन्य कर्मचारी सामान्य रूप से काम करेंगे. वर्क्स और नॉन-वर्क्स विभागों में केवल आवश्यक सेवाओं और मेंटेनेंस कर्मी ही ड्यूटी पर रहेंगे. ऐसे कर्मचारियों को पहले से सूचित किया जाएगा और वे एक अतिरिक्त पेड हॉलिडे के हकदार होंगे, जिसे वर्ष के अंत तक अवेल कर सकते हैं.
क्या होगी शिफ्ट व्यवस्था
शिफ्ट ए, डी, ई, एफ और जी में काम करने वाले कर्मचारियों को बैचों में 4 घंटे की छुट्टी दी जाएगी, ताकि वे वोट डाल सकें. उन्हें सभी सामान्य भत्ते मिलेंगे. बी और सी शिफ्ट्स के कर्मचारी सामान्य कार्य घंटों में काम करेंगे, क्योंकि उन्हें ड्यूटी से पहले वोट डालने की उम्मीद है.
वोटिंग लोकेशन
कर्मचारी केवल अपनी पोस्टिंग वाली जगह पर ही पेड हॉलिडे के हकदार होंगे. यदि वे किसी अन्य जगह पर रजिस्टर्ड वोटर हैं, तो वे वहां वोट डालने के लिए पेड हॉलिडे ले सकते हैं, बशर्ते वे वोटिंग का प्रमाण-पत्र जमा करें. सभी अन्य कर्मचारी इस दिन को छुट्टी के रूप में मनाएंगे. कंपनी ने सभी चीफ्स और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि आवश्यक कार्रवाई करें. यह कदम कर्मचारियों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने में मदद करेगा.

