
उदित वाणी, चांडिल : कपाली नगर परिषद चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. बुधवार को इंसाफवादी कांग्रेस पार्टी ने प्रेस वार्ता कर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सरवर आलम को समर्थन देने की घोषणा कर चुनावी मुकाबले को नया आयाम दे दिया. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार और हरियाणा प्रदेश प्रभारी अब्दूल कयूम खान अशर्फी ने कहा कि गहन विचार-विमर्श और सर्वेक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया है. उनके अनुसार, पूर्व उपाध्यक्ष के रूप में सरवर आलम का कार्यकाल विकासोन्मुख और जनहितकारी रहा है.
अशर्फी ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि कपाली के समग्र विकास और स्थिर नेतृत्व के लिए सरवर आलम को अध्यक्ष बनाना आवश्यक है. इस मौके पर उन्हें फूलमाला पहनाकर समर्थन का औपचारिक ऐलान किया गया. सरवर आलम ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा. प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारी व समर्थकों की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया.

