
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए गर्व का क्षण है कि उभरती हुई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्या सोय ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है. सब-जूनियर नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026, जो चेन्नई में 26 मार्च से आयोजित हुई, उसमें दिव्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. दिव्या का चयन झारखंड टीम में हुआ था और उन्होंने प्रतियोगिता में अपने खेल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मुकाबले जीते—पहले उत्तर प्रदेश, फिर तमिलनाडु और उसके बाद छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में जगह बनाई. फाइनल मुकाबले में पंजाब के खिलाड़ी से बेहद कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन मामूली अंतर से हार के कारण उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.
गौरतलब है कि इससे पहले खेलो इंडिया अस्मिता महिला राष्ट्रीय लीग 2025-26, जो सिलीगुड़ी में आयोजित हुई थी, उसमें भी दिव्या ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था. लगातार दो बड़े मंचों पर शानदार प्रदर्शन ने उन्हें ‘गोल्डन गर्ल’ की पहचान दिलाई है.
दिव्या की इस उपलब्धि पर पूर्वी सिंहभूम जिला किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव जेना राम बोदरा, कोच विजय सोय और कोच जादूमुनी हेंब्रम ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. कोचों ने विश्वास जताया है कि दिव्या आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड और जिले का नाम रोशन करेंगी.
स्वागत एवं अभिनंदन का आह्वान
मानगो नगर निगम क्षेत्र के बालीगुमा निवासी कोच विजय सोय ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौट रही ‘गोल्डन गर्ल’ दिव्या सोय का भव्य स्वागत 1 अप्रैल 2026 को सुबह 8:00 बजे बाबा तिलका मांझी डिमना चौक पर किया जाएगा. शहरवासियों, समाजसेवी संस्थाओं और आदिवासी संगठनों से अपील है कि बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस होनहार खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करें.

