
उदित वाणी, जमशेदपुर : साहिबगंज में आयोजित 26वीं जूनियर झारखंड स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर लौटी जमशेदपुर की टीम का बिस्टुपुर में सोमवार को भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सरयू राय रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
समारोह का आयोजन जमशेदपुर बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा किया गया. इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय कोच सह झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव जेपी सिंह, मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद वसीम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
विधायक सरयू राय ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए बारीडीह में बास्केटबॉल एसोसिएशन के लिए एक कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल सामग्री रखने की बेहतर सुविधा मिल सके. प्रतियोगिता में जमशेदपुर की ब्वॉयज टीम ने विजेता बनकर खिताब अपने नाम किया, जबकि गर्ल्स टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल कर शहर का मान बढ़ाया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में एमडी आरिफ आफताब, एमडी जलाल शेख, सुप्रिया, अज़हर, विशाल, सुषांत, दीपक, अरहान एवं शबानुल हक का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

