
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर उस समय सकारात्मक माहौल देखने को मिला जब दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी का आगमन हुआ. हावड़ा–रांची इंटरसिटी से यात्रा कर टाटानगर पहुंचे जोशी का रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया.
इस दौरान हुई औपचारिक मुलाकात में अरुण जोशी ने टाटानगर सिविल डिफेंस टीम द्वारा रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि लोको पायलट, स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को आपदा से निपटने का प्रशिक्षण देना अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जो न केवल रेलवे संपत्ति बल्कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करता है.
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि स्टेशन परिसर में कार्यरत वेंडर, कुली और ठेका मजदूरों को भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में व्यापक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके. इससे यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर विश्वास और अधिक मजबूत होगा.
मुलाकात के दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के साथ डेमोंस्ट्रेटर कल्याण कुमार साहू और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम ने रेलवे में सुरक्षा जागरूकता के महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया.

