
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेल मंत्रालय द्वारा जारी एक अहम प्रशासनिक आदेश में साउथ ईस्टर्न रेलवे के शीर्ष पद पर बदलाव की घोषणा की गई है. 30 मार्च को जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौमित्र मजूमदार को सौंपी गई है.
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अनिल कुमार मिश्रा 31 मार्च को सुपरएनुएशन के तहत सेवा निवृत्त हो रहे हैं. उनके कार्यकाल की समाप्ति के साथ ही दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक पद की प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियां सौमित्र मजूमदार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी. वर्तमान में मजूमदार इसी जोन में एजीएम (एडिशनल जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और भारतीय रेलवे यातायात सेवा के अनुभवी अधिकारी माने जाते हैं.
रेल मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी होगी. नियमित नियुक्ति या अगले आदेश जारी होने तक मजूमदार इस पद का कार्यभार संभालेंगे. इस दौरान वे महाप्रबंधक के सभी अधिकारों का पूर्ण रूप से उपयोग करेंगे. हालांकि, उनके औपचारिक कार्यभार ग्रहण करने की तिथि अलग से अधिसूचित की जाएगी.
कोलकाता मुख्यालय वाला दक्षिण पूर्व रेलवे भारतीय रेलवे के प्रमुख जोनों में शामिल है, जो पूर्वी भारत के कई अहम रेल मार्गों का संचालन करता है. ऐसे में महाप्रबंधक का पद संचालन, विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और राजस्व प्रबंधन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है.
अनिल कुमार मिश्रा के कार्यकाल को उपलब्धियों भरा माना जा रहा है, जिसमें कई परिचालन सुधार और विकास कार्य शामिल हैं. वहीं, अब सौमित्र मजूमदार के सामने इन पहलों को आगे बढ़ाने और जोन के सुचारू संचालन को बनाए रखने की चुनौती होगी. रेलवे बोर्ड के इस निर्णय को प्रशासनिक निरंतरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

