
उदित वाणी, समस्तीपुर : समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर सोमवार देर रात जयनगर-हावड़ा धुरियान पैसेंजर ट्रेन के चक्कों में बिजली का तार फंसने से बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते बच गई. चालक को वॉकी-टॉकी से गार्ड ने सूचना देकर इमरजेंसी ब्रेक लगवाया, जिससे ट्रेन रुक गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म तीन पर पहुंची, निर्माण कार्य के दौरान खुले पड़े बिजली के तार के चक्कों में फंसने से प्लेटफॉर्म के टाइल्स टूट गए और बोगी पर खरोंचें आईं. चालक को भनक न लगने पर ट्रेन कुछ दूरी तक तार घसीटती रही. यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे एक बोगी से दूसरी में जान बचाने भागे. किसी यात्री ने मोबाइल से पूरा वीडियो बनाकर वायरल कर दिया.
यात्रियों में अफरा-तफरी, रेलकर्मियों ने वेल्डिंग से तार निकाला
यात्रियों के हंगामे पर गार्ड ने चालक को वॉकी-टॉकी से सूचना दी और ट्रेन रोकी गई. रेलकर्मी पहुंचे और वेल्डिंग मशीन से मशक्कत कर चक्के से तार निकाला. इससे यात्रियों को करीब एक घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी. ट्रेन के रवाना होने के बाद अन्य प्लेटफॉर्मों से ट्रेनें चलाई गईं.
यात्रियों ने कहा, “भगवान की कृपा से बाल-बाल बच गए. निर्माण कार्य में सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जाता.” रेलवे अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं. वायरल वीडियो में वेल्डिंग से तार निकालते हुए साफ दिख रहा है.

