उदित वाणी,जमशेदपुर: सोनारी के वेस्ट ले-आउट, रोड नंबर 9 में भारत सेवाश्रम स्कूल के सामने सीवरेज लाइन लीकेज होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है. इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा से गुहार लगाई है. लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गंदा पानी सड़कों पर जमा है, जिससे न केवल आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि बीमारियां फैलने का डर भी बना हुआ है.
स्कूल जाने वाले बच्चों और जॉगर्स को हो रही परेशानी
स्थानीय लोगों ने मुकुल मिश्रा को बताया कि यह सीवरेज लाइन टाटा स्टील द्वारा बनाई गई है, लेकिन वर्तमान में यह पूरी तरह लीकेज का शिकार है. सबसे अधिक परेशानी भारत सेवाश्रम स्कूल के बच्चों को हो रही है, जिन्हें इसी गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है. इसके अलावा, सुबह-शाम जॉगर्स पार्क में टहलने वाले लोग, महिलाएं और बुजुर्ग भी इस समस्या से खासे परेशान हैं.
मुकुल मिश्रा ने जुस्को महाप्रबंधक को भेजे वीडियो-फोटो
जनता की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुकुल मिश्रा ने जुस्को (JUSCO) के महाप्रबंधक आर.के. सिंह से संपर्क किया. उन्होंने महाप्रबंधक को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के लिए मौके के फोटो और वीडियो भी भेजे हैं. श्री मिश्रा ने आग्रह किया है कि स्कूल के पास होने के कारण इस समस्या का निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए.
त्वरित कार्रवाई का आग्रह
मुकुल मिश्रा ने जुस्को प्रबंधन से मांग की है कि इस लीकेज को अतिशीघ्र ठीक किया जाए ताकि क्षेत्र की जनता को नरकीय स्थिति से निजात मिल सके. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले का तब तक पीछा करेंगे जब तक कि मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता.


