उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाले श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र नववर्ष उत्सव के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए अहम निर्णय लिया है. इस दौरान गिधनी रेलवे स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों का अस्थायी रूप से 2 मिनट का ठहराव दिया जाएगा.
रेलवे के सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में स्टील एक्सप्रेस, इस्पात एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का गिधनी स्टेशन पर अस्थायी स्टॉपेज रहेगा. इससे उत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, हावड़ा-टाटा स्टील एक्सप्रेस (12813) शाम 7:30 बजे पहुंचकर 7:32 बजे रवाना होगी, जबकि टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस (12814) सुबह 7:21 से 7:23 बजे तक रुकेगी. इसी तरह हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस और हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को भी निर्धारित तिथियों पर 2 मिनट का ठहराव दिया गया है.
इसके अतिरिक्त, 18 अप्रैल (शनिवार) को हावड़ा-घाटशिला मेमू एक्सप्रेस (18033) और घाटशिला-हावड़ा मेमू एक्सप्रेस (18034) का संचालन अपने निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा.
रेलवे के इस फैसले से उत्सव के दौरान यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.


