
उदित वाणी, जमशेदपुर : आद्रा मंडल में चल रहे विकासात्मक कार्यों के कारण टाटानगर, रांची और हटिया रेलखंड पर आगामी दिनों में रेल सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी. रेलवे द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 17, 18 और 21 फरवरी 2026 को अपने नियमित मार्ग के बजाय चांडिल–मुरी होकर संचालित होगी. इस बदलाव के चलते रांची और हटिया की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को समय-सारणी में परिवर्तन का सामना करना पड़ सकता है.
इसी क्रम में 13503/13504 वर्धमान-हटिया मेमू एक्सप्रेस 16 और 17 फरवरी को केवल एनएससीबी गोमो स्टेशन तक ही चलेगी. आगे के मार्ग पर यह सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी. वहीं, 18019/18020 झाड़ग्राम-धनबाद एक्सप्रेस 16 एवं 17 फरवरी को बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट की जाएगी.
रेलवे सर्कुलर में यह भी उल्लेख किया गया है कि 68056/68060 टाटा-आसनसोल-बराभूम मेमू 17 और 21 फरवरी को आद्रा स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट होगी. इसके अलावा 18601 टाटा-हटिया एक्सप्रेस 17, 18 और 21 फरवरी को चांडिल से पुरुलिया–कोटशिला मार्ग के स्थान पर गंडाबिहार होकर मुरी जाएगी.
विकासात्मक कार्यों के पूर्ण होने के बाद सेवाएं सामान्य होने की संभावना जताई गई है. यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर सूचना प्रदर्शित की जा रही है.

