
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स लखनऊ से आए यूनियन पदाधिकारियों एवं मजदूरों का स्वागत बुधवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में किया गया. सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह, शॉल और पुष्प गुच्छ देकर महामंत्री एवं अध्यक्ष ने स्वागत किया.
इस समूह में टाटा मोटर्स लखनऊ के एचआर अधिकारी आमोद जी के साथ यूनियन के ऑफिस सेक्रेट्री भूपेश चंद्र राय भी शामिल थे. यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, महामंत्री आरके सिंह, आईआर हेड सौमिक रॉय, राजीव श्रीवास्तव, अंकुर सिन्हा ने लखनऊ के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया.
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स लखनऊ और टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट, राम लक्ष्मण की जोड़ी है. हमारा विचार, हमारा लक्ष्य एक है और एक दूसरे के यहां आकर उसके अच्छे गुणों को सीखना और अच्छे कार्यशैली को सीखना हमारी परंपरा रही है.
हम आशा करते हैं कि जो भी आगंतुक यहां पर आए हैं बेहतर ढंग से कंपनी निरीक्षण करेंगे और हम लोग कोई भी कसर मेहमाननवाजी का नहीं छोड़ेंगे. अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने कहा कि टाटा मोटर्स में आए हुए सभी अतिथियों का बहुत-बहुत स्वागत है. आप हमारी कार्यशैली को देखने आए हैं यह हमारे लिए खुशी की बात है. धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा और मंच संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया.

