
उदित वाणी, जमशेदपुर: पाटमदा प्रखंड की उड़िया पंचायत अंतर्गत गेरूयाला बोडिया गांव में सोमवार को क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी स्वर्गीय सुधीर महतो की स्मृति में स्थापित उनकी प्रतिमा का भव्य उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
समाज सेवा के प्रेरणापुंज थे सुधीर महतो
प्रतिमा का अनावरण करने के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अभय सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सुधीर महतो एक सच्चे समाजसेवी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा, “समाज सेवा के क्षेत्र में सुधीर महतो के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनकी यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को निःस्वार्थ सेवा और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देती रहेगी.”
परिजनों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
उद्घाटन समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल का माहौल काफी भावुक और सम्मानपूर्ण रहा. स्वर्गीय सुधीर महतो के भाई पुटु लाल महतो ने अपने भाई के आदर्शों को याद किया. इस मौके पर जिला परिषद सदस्य खगन चंद महतो और मंसाराम पावरी ने भी स्वर्गीय महतो के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें क्षेत्र का गौरव बताया.
बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामवासियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

