उदित वाणी, रामगढ़: एक ओर जहां डीजल की किल्लत से हाहाकार मचा है, वहीं दूसरी ओर डीजल चोरी का काला खेल भी जारी है। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोइहारा गांव में सीसीएल (CCL) सुरक्षा टीम ने छापेमारी कर अवैध डीजल के बड़े स्टॉक का भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
कोइहारा गांव के कुछ लोगों द्वारा सीसीएल क्षेत्र से प्रतिदिन भारी मात्रा में डीजल चोरी की जा रही थी। इसकी सटीक सूचना सीसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा को मिली। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने एक विशेष छापामारी अभियान चलाया।
600 लीटर डीजल और उपकरण बरामद
सुरक्षा टीम ने कोइहारा गांव के एक घर में दबिश देकर लगभग 600 लीटर अवैध डीजल जब्त किया। मौके से लगभग 30 खाली गैलन और पाइप भी बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग चोरी और भंडारण के लिए किया जा रहा था।
चोरों में मचा हड़कंप
सीसीएल सुरक्षा कर्मियों की इस अचानक और कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के डीजल चोरों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति की चोरी रोकने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।


