
उदित वाणी, जमशेदपुर: कपाली ओपी क्षेत्र के फैजान अबू बकर मस्जिद के पास स्थित एक घर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोमवार तड़के करीब सुबह 4 बजे एक अज्ञात चोर ने उस समय घर में घुसपैठ की, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। चोर ने चालाकी से घर के भीतर घुसकर कीमती सामानों पर हाथ साफ किया और फरार हो गया।
सोते रह गए घरवाले, मोबाइल और डिवाइस ले उड़े चोर
पीड़ित परिवार ने बताया कि जब वे सुबह जागे, तो घर का सामान बिखरा और मोबाइल गायब देखकर दंग रह गए। चोर घर से दो मोबाइल फोन, एक ब्लूटूथ डिवाइस और चार्जर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया है। सुबह घर में अफरा-तफरी मचने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
पुराने शातिर युवक पर शक, पहले भी कर चुका है चोरी
पीड़ित परिवार ने घटना में एक स्थानीय युवक पर गहरा शक जताया है। परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक नशे का आदी है और उसने पहले भी इसी घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। परिवार का मानना है कि इस बार भी उसी युवक ने घर में घुसकर चोरी की है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध युवक की तलाश में छापेमारी कर रही है। फैजान अबू बकर मस्जिद के पास हुई इस चोरी के बाद से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा और दहशत का माहौल है।
