उदित वाणी, जमशेदपुर : आनंद मार्ग धर्म महासम्मेलन को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने पुंडाग स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की अवधि बढ़ा दी है. रेलवे प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह व्यवस्था अब 4 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी. इससे रांची और आसपास के क्षेत्रों से महासम्मेलन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार धनबाद-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस, रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस, हावड़ा-रांची एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस, पटना-हटिया एक्सप्रेस तथा रांची-कामाख्या एक्सप्रेस समेत कुल 18 ट्रेनों का पुंडाग स्टेशन पर अस्थायी ठहराव जारी रहेगा. इन ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान का समय भी निर्धारित कर दिया गया है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आनंद मार्ग धर्म महासम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. अस्थायी ठहराव से यात्रियों को रांची मुख्य स्टेशन तक जाने की अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी.
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों के समय और स्टॉपेज की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें. रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं.

