उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित एक बंद पड़े मकान से व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मोहम्मद इक़बाल अख्तर खान के रूप में हुई है. उनकी उम्र करीब 40 से 50 वर्ष बताई जा रही है. घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार मकान लंबे समय से बंद था. इसी बीच घर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद मामले की सूचना तुरंत कपाली ओपी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की. घर के भीतर शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.


