
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी नीम टोला निवासी उज्जल मल्लिक स्वर्णकार ने जमीन खरीद में ठगी, धमकी और अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. पीड़ित के अनुसार, उन्होंने मौजा दूरसंग, जोन नंबर-3, थाना बिरसानगर स्थित खाता संख्या 55, वार्ड 17, प्लॉट संख्या 2628 (रकबा 1595 वर्गफुट) जमीन 16 दिसंबर 2024 को 20 लाख रुपये में खरीदी थी.
उज्जल मल्लिक का कहना है कि यह जमीन उन्होंने राजेन्द्र सिंह बलबीर सिंह गिल से खरीदी थी. सौदे के समय प्रकाश लकड़ा, उनकी पत्नी उषा पूनम एवं जगजीत सिंह मौजूद थे और उन्होंने बताया था कि उन्होंने राजेन्द्र सिंह गिल को पावर ऑफ अटॉर्नी दे रखी है. उनके भरोसे पर बैंक के माध्यम से पूरी राशि का भुगतान किया गया.
आरोप है कि जुलाई 2025 में राजेन्द्र सिंह गिल की मृत्यु के बाद सभी आरोपी मुकर गए और जमीन को अवैध रूप से वैभव उपाध्याय को बेच दिया गया. अब उक्त जमीन पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है. विरोध करने पर पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं.
पीड़ित ने आरोप लगाया कि सभी ने आपसी साजिश कर 20 लाख रुपये की ठगी की है और उसे जमीन से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है. लगातार धमकियों से परिवार दहशत में है. पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है.

