उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के टाटानगर लॉबी परिसर में शुक्रवार को रनिंग कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए “सेफ्टी सह पारिवारिक सेमिनार” का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में टाटानगर एवं आदित्यपुर क्षेत्र के 100 से अधिक लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, लोको निरीक्षक और उनके परिजन शामिल हुए. सेमिनार का मुख्य उद्देश्य रनिंग स्टाफ के बीच सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के साथ पारिवारिक समन्वय और मानसिक संतुलन को मजबूत करना था.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक मंडल विद्युत अभियंता पिनाकी विश्वास ने की. उन्होंने कहा कि रेलवे संचालन में रनिंग स्टाफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा मानसिक शांति विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया.
वरिष्ठ लोको निरीक्षक एसके गुप्ता ने अपने संबोधन में परिवारिक वातावरण और कार्यक्षेत्र के बीच तालमेल की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि यदि परिवार में आपसी समझ और शांति बनी रहे तो कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ कर पाते हैं. उनके विचारों को उपस्थित कर्मचारियों और परिजनों ने सराहा.
इस दौरान लोको निरीक्षक केडी राव ने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से रनिंग स्टाफ को सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. उन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्कता, तकनीकी सावधानियों और दुर्घटना से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला. प्रस्तुति को कर्मचारियों और उनके परिवारों ने काफी उपयोगी बताया.
कार्यक्रम के अंत में चालक नियंत्रक केपी जायसवाल ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विभाग हमेशा रनिंग कर्मचारियों के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा. सेमिनार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.


