
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, अग्रवाल युवा मंच और मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 12 अप्रैल 2026, रविवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन होने जा रहा है. यह शिविर साकची स्थित अग्रसेन भवन में सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा. सम्मेलन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी) ने जानकारी दी कि इस मेगा कैंप की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
रचेगा नया इतिहास: 1000 यूनिट का लक्ष्य
संस्था ने इस वर्ष 1000 यूनिट रक्त संग्रह करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है. गौरतलब है कि पिछले वर्ष 650 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया था, जिसे पार कर इस बार नया कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प लिया गया है. यह कार्यक्रम रचना फाउंडेशन एवं चंदूलाल भालोटिया सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है.
रक्तदाताओं को मिलेगा विशेष उपहार
मानवता के इस पुनीत कार्य में भाग लेने वाले रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था की ओर से प्रत्येक डोनर को एक हेलमेट उपहार स्वरूप दिया जाएगा. अध्यक्ष ने अपील की है कि समाज के लोग आगे आएं, क्योंकि रक्त की एक बूंद किसी के लिए संजीवनी साबित हो सकती है.
सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता
शिविर के सफल संचालन के लिए मंटूलाल अग्रवाल, अजय भालोटिया, अश्विनी अग्रवाल, मयूर संघी, प्रांजल सरावगी, प्रकाश बजाज, हेमंत गुप्ता, अनूप शर्मा के साथ-साथ संयोजक सुरेश शर्मा ‘लिप्पू’, अमित अग्रवाल और हेमंत अग्रवाल सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.

