
पटमदा: बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक परिसर में बुधवार शाम करीब 4 बजे आंधी-बारिश के दौरान हुए वज्रपात में एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रेडियल गेट के पास हुई, जहां तेज बारिश के बीच अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक संभवतः आसपास के ही किसी गांव का निवासी होगा जो नहाने के उद्देश्य से डिमना लेक आया था, क्योंकि घटनास्थल के पास से तौलिया और साबुन बरामद हुआ है। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है और युवक की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

