उदित वाणी, जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टूइलाडुंगरी में अवैध रूप से संचालित सेकेंड हैंड कार शोरूम में लगातार दूसरे दिन आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार देर रात साईं मोटर्स के सेल-परचेज परिसर में खड़ी दो पुरानी कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद कुछ देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात सड़क किनारे खड़ी एक कार से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों के कारण आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों के भी जलने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं।
गौरतलब है कि बुधवार को भी इसी परिसर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगी थी। लगातार दो दिनों तक हुई आगजनी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। शुरुआत में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही थी, लेकिन अब इलाके के लोग किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका जता रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस जगह आग लगी, उसके पीछे कई अन्य वाहन भी खड़े थे। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क किनारे लंबे समय से अवैध रूप से सेकेंड हैंड कारों का कारोबार संचालित हो रहा है। सड़क किनारे लाइन से “फॉर सेल” लिखी गाड़ियां खड़ी रहती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे पार्क किए जाते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती। फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


