उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में सिदगोड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की तीन गाड़ियां भी बरामद की गई हैं। मामले में सिदगोड़ा थाना में दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जाता है कि 6 और 7 मई की रात पुलिस टीम नियमित गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास एक संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रंजीत दिवर और शेखर प्रमाणिक के रूप में हुई। दोनों युवक बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।
गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने बारीडीह हाई स्कूल के पास एक खाली पड़े क्वार्टर में छापेमारी की, जहां से संतोष भुईया उर्फ गोलू और राज खान उर्फ आयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान को गिरफ्तार किया गया। मौके से चोरी की दो स्कूटियां भी बरामद हुईं, जिनमें एक के पार्ट्स खोले जा चुके थे।
पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर बाइक, होंडा एक्टिवा और सुजुकी स्कूटी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स अलग-अलग बेचने का काम करता था। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य मामलों की जांच में जुटी है।


