उदित वाणी, गिरिडीह :जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरैता मोड़ के पास भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं. यहाँ आशीष कुमार भदानी एवं अन्य की रैयती जमीन पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भू-माफियाओं के साथ मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है.
कागजात होने के बावजूद कब्जे की कोशिश
रैयतदारों का कहना है कि जिस जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, उसके वैध कागजात (केवाला और डीड) आशीष कुमार भदानी और उनके सहयोगियों के नाम पर हैं. इसके बावजूद लखन यादव और उनके गुर्गों द्वारा जमीन पर अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया. जब भू-स्वामियों ने इस अवैध निर्माण को रोकने की कोशिश की, तो भू-माफियाओं ने उनके साथ जमकर मारपीट की.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की सूचना पहले ही हीरोडीह पुलिस प्रशासन को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. रैयतदारों का कहना है कि पुलिस प्रशासन भू-माफियाओं के सामने पूरी तरह नतमस्तक है, जिसके कारण माफिया बेखौफ होकर गरीबों और असहायों की जमीनों पर धड़ल्ले से कब्जा कर रहे हैं.
न्याय की गुहार
मारपीट की घटना के बाद सहमे हुए रैयतदार अब जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं. क्षेत्र में चर्चा है कि यदि समय रहते भू-माफियाओं पर लगाम नहीं कसी गई, तो यहाँ कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है. फिलहाल पीड़ित पक्ष डरा हुआ है और सुरक्षा के साथ-साथ अपनी जमीन को मुक्त कराने की मांग कर रहा है.


