उदित वाणी: जमशेदपुर : एमजीएम थाना अंतर्गत तुरियाबेड़ा में निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गयी। मृतक की पहचान तुरियाबेड़ा निवासी राजेश चातर के रूप में हुई है। घटना बुधवार की बतायी जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी विकास प्रजापति के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान राजेश चातर मजदूरी का काम कर रहा था। काम के दौरान वह अचानक बिजली की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में साथी मजदूरों और मकान मालिक ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो गये। गुरुवार को वे एमजीएम थाना पहुंचे और मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस विकास प्रजापति को थाना ले आयी। थाना में दोनों पक्षों के बीच घंटों बातचीत चली। अंततः तीन लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी।
समझौते के तहत मकान मालिक ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये नकद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन दिये। वहीं शेष डेढ़ लाख रुपये चार माह के भीतर देने पर सहमति बनी। समझौते के बाद गुरुवार शाम पुलिस ने विकास प्रजापति को छोड़ दिया।


