उदित वाणी जमशेदपुर: बहुचर्चित मानगो दंगा मामले में अब सुनवाई अंतिम चरण में पहुंच गई है। एडीजे-1 की अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई 13 मई को निर्धारित की गई है। मामले से जुड़े अधिवक्ता मो. जाहीद इकबाल ने बताया कि अदालत में अभियोजन पक्ष की गवाही की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब अगली तारीख पर आरोपियों के बचाव पक्ष के बयान दर्ज किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में मानगो थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के समीप दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और क्षेत्र में तनाव फैल गया। बाद में स्थिति दंगे का रूप ले बैठी। घटना के दौरान पुलिस बल पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के भी आरोप लगाए गए थे।
इस मामले में कांग्रेस नेता फिरोज खान समेत करीब 40 लोगों को आरोपी बनाया गया है। लंबे समय से चल रही न्यायिक प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। वहीं अधिवक्ता ने यह भी बताया कि दंगा से जुड़े एक अन्य मामले में अधिकांश आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में अदालत पहले ही बरी कर चुकी है। अब सभी की निगाहें 13 मई की सुनवाई पर टिकी हुई हैं।


