उदित वाणी, रांची : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) परिसर से शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मनोरोग विभाग में इलाज के लिए भर्ती एक मरीज ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मृतक की पहचान विवेक कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, विवेक गंभीर रूप से नशे की लत का शिकार था और इसी समस्या से निजात पाने के लिए उसे रिम्स के मनोरोग विभाग में भर्ती कराया गया था.
शुक्रवार को जब वार्ड में अन्य गतिविधियों की तैयारी चल रही थी, तभी विवेक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों व स्थानीय पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जा रही है.
इस दुखद घटना ने रिम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में भर्ती मरीजों की निगरानी और सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है. विशेष रूप से मनोरोग विभाग में, जहां मरीजों को विशेष देखभाल और निरंतर निगरानी की आवश्यकता होती है, वहां ऐसी घटना को लेकर प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं.
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. घटना को लेकर वार्ड में तैनात कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है.
(आईएएनएस)


