उदित वाणी जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में हुई सनसनीखेज गोलीबारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विक्की गिल उर्फ कुंडी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जमशेदपुर लाया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस ने अमन शेखर समेत कई अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। पूछताछ से मिले अहम सुरागों के आधार पर घटना में इस्तेमाल हथियार को भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों से अलग-अलग पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक, 26 मई की रात नामदा बस्ती में एक घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। इसके कुछ देर बाद एक कारोबारी के घर को भी निशाना बनाया गया। जांच में सामने आया कि घटना के बाद कारोबारी से संपर्क कर 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी के बाद आरोपी राज्य छोड़कर पश्चिम बंगाल भाग गए थे। शुरुआती जांच में उनका ठिकाना दीघा बताया गया था, लेकिन पुलिस की गतिविधियों की भनक लगने के बाद वे वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी अनुसंधान, लोकेशन ट्रैकिंग और निगरानी के जरिए आखिरकार न्यू टाउन इलाके में दबिश देकर विक्की गिल को गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय नेटवर्क, रंगदारी कनेक्शन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।


