उदित वाणी, चांडिल : चांडिल अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शनिवार शाम एक गरिमामय विदाई सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. इस विशेष कार्यक्रम में निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विकास कुमार राय को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. इस दौरान पूरा प्रशासनिक अमला कार्यालय सभागार में मौजूद रहा.
प्रशासनिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त एसडीओ नितिनशिवम गुप्ता, बीडीओ तालेश्वर रविदास, कुमार एस. अभिनव तथा निवर्तमान अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार महतो समेत अन्य पदाधिकारी एवं अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया. सभी उपस्थित अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने निवर्तमान एसडीओ विकास कुमार राय को स्मृतिचिन्ह, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
भावनात्मक माहौल में याद किया गया विकास कुमार राय का कार्यकाल
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने श्री राय के कार्यकाल को याद करते हुए उनकी प्रशासनिक दक्षता, समर्पण और जनहित में किए गए कार्यों की जमकर सराहना की. वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण पहलें सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जिनकी छाप क्षेत्र में लंबे समय तक बनी रहेगी. कार्यक्रम के दौरान एक भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए अपने पुराने अनुभवों को साझा किया.
नवनियुक्त एसडीओ नितिनशिवम गुप्ता से बेहतर कार्यों की अपेक्षा
विदाई के साथ ही, समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने नवनियुक्त एसडीओ नितिनशिवम गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया. प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने नए एसडीओ नितिनशिवम गुप्ता का अभिनंदन करते हुए उनसे भी भविष्य में जनहित और अनुमंडल के विकास के लिए बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई.


