उदित वाणी, राँची : राँची के प्रतिष्ठित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. रिम्स (RIMS) के सर्जरी विभाग के पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) प्रथम वर्ष के 32 वर्षीय छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया है.
रिम्स मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और छात्रों में हड़कंप
डॉ. सानु सनल बरवार का शव कटहल मोड़ के एक मकान से मिलने की इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. इस खबर के सामने आते ही रिम्स मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, प्रोफेसरों और छात्र-छात्राओं के बीच गहरा शोक व्याप्त हो गया है और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप का माहौल है.
14 दिनों के भीतर रिम्स में आत्महत्या की यह दूसरी घटना
उल्लेखनीय है कि पिछले महज 14 दिनों के दौरान रिम्स के दो छात्रों के द्वारा आत्महत्या करने की यह दूसरी बड़ी घटना सामने आई है. इससे पहले बीते 16 मई को रिम्स एमबीबीएस (MBBS) के एक छात्र ने सुसाइड कर लिया था. वह छात्र मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर लटक गया था. इस नई घटना ने रिम्स परिसर को एक बार फिर झकझोर कर रख दिया है.


