उदित वाणी जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंजनगर स्थित अंबेडकर पथ, धोबी लाइन में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग संतोष कुमार के मकान की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में लगी, जिसमें लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते घर के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच घर में पूजा-पाठ के दौरान मंदिर में दीपक जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि दीपक की लौ से पास में रखे सामान ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा रही कि आग की शुरुआत फ्रिज से हुई थी, जिसके बाद लपटें तेजी से फैल गईं।
कमरे से उठती तेज लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तत्काल शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अगलगी में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां समेत अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में पूजा के दौरान जलाए गए दीये से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।


